अलापुर। थाना अलापुर क्षेत्र के कस्बा म्याऊं के पास डहरपुर रोड पर शुक्रवार शाम सामने से आ रही बोलरो कार से बचने के चक्कर में दो बाइकों में टक्कर हो गई। इससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने उपचार को ले जाते समय दम तोड़ दिया।
उसावां क्षेत्र क्षेत्र के गांव सांडी निवासी बबलू (27) पुत्र रोशन श्रीवास्तव शुक्रवार को शाम अपने मकान का कुछ सामान लेने गांव के ही राज मिस्त्री को साथ में लेकर बाइक से म्याऊं जा रहा था। कस्बा म्याऊं से थाना अलापुर क्षेत्र के गांव अल्लापुर निवासी सत्यभान (32) पुत्र ईश्वरी दयाल अपनी बाइक से घर वापस जा रहा था। दोनों बाइक जैसे ही म्याऊं से डहरपुर हाईवे पर पहुंचीं तो तेज गति से आ रही बोलेरो कार से बाइक को बचाने के चक्कर में दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। मिस्त्री महिपाल पुत्र रामभरोसे और सत्यभान बुरी तरह घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। सत्यभान ने उपचार को लाते समय दम तोड़ दिया। चौकी प्रभारी राकेश सिंह चौहान ने बताया कि जानकारी मिली है कार्रवाई की जा रही है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।