उझानी-भदरौल रोड पर बृहस्पतिवार देर रात की घटना
दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
उझानी (बदायूं)। दवा लेकर बाइक से घर लौट रहे कटरी के गांव ननाखेड़ा निवासी भूरे को बृहस्पतिवार देर रात गोली मार दी गई। गोली के कंधे के पास लगी है। घटना की सूचना के बाद पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
घायल भूरे (30) पुत्र शाजेब कोतवाली क्षेत्र के गांव ननाखेड़ा निवासी पूर्व प्रधान दीन मोहम्मद का भतीजा है। वह पिछले कई दिनों से बीमार है। अपराह्न में उझानी दवा लेने वह बाइक से आया था। लौटते में वह कछला होकर घर जाने के बजाय भूड़ा-भदरौल होकर चला।
बताते हैं कि ननाखेड़ा से करीब पांच-छह सौ मीटर पहले ही सड़क किनारे पहले से मौजूद दो लोगों ने भूरे पर फायर किए। एक गोली उसके कंधे के पास लगी। इसके बाद वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। यह देख हमलावर भाग गए। बताते हैं कि फायर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे भूरे के परिजनों ने पुलिस को फोन करके बुला लिया।
पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने ननाखेड़ा जाकर ग्रामीणों से जानकारी की। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि भूरे के परिजनों ने फिलहाल किसी का नाम नहीं बताया है। उसके एक परिजन की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घायल भूरे ने पुलिस को बताया कि वह सामने आने पर दोनों हमलावरों का पहचान सकता है। मामला रंजिश का बताया जा रहा है।