बहन की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहा था, घर में मचा कोहराम
थाना क्षेत्र के गांव सिरासोल जसा पट्टी निवासी छोटे लाल पचौरी का 25 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार पचौरी शुक्रवार को उझानी थाना क्षेत्र के गांव जिरोलिया से अपनी बहन की शादी के कार्ड बांट कर बाइक से गांव लौट रहा था। तभी बिल्सी-उझानी मार्ग स्थित गांव संजरपुर के पास उसकी बाइक तेज रफ्तार के साथ सड़क पर फिसल गई। उसके जितेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई। खून ज्यादा बहने के कारण उसने मौके पर दम तोड़ दिया। सूचना पर उसके परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच कर शव को गांव सिरासोल ले गए। परिवार के लोग बताते है कि 23 नवंबर को जितेंद्र की बहन की शादी होनी थी। घर पर जितेंद्र का शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। बहन तो फफक-फफक कर रोने लगी। उसका रुदन देखकर सभी की आंखे भर आईं। जितेंद्र नगर के बाईपास मार्ग स्थित नितिन वार्ष्णेय खितौरा वालों के यहां मुनीम का काम करता था। इस घटना की सूचना थाना पुलिस को नहीं दी गई है।