बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रोडवेज बस से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठा उसका भतीजा गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस ने रोडवेज कार्यशाला से बस को कब्जे में ले लिया है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव दूल्हेनगर निवासी 22 वर्षीय मोहित शुक्रवार को किसी काम से शहर आए थे। शाम करीब साढ़े चार बजे वह वापस घर जा रहे थे। उनके साथ में रिश्ते का भतीजा अमित भी था। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव बहेड़ी के पास सामने से आ रही रोडवेज बस से बाइक टकरा गई।
हादसे में मोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल अमित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर मौजूद लोगों ने रोडवेज बस का नंबर बताया तो पुलिस तलाश करती हुई रोडवेज वर्कशॉप पहुंच गई। वहां से बस को कब्जे में ले लिया गया है। इस संबंध में एसएचओ सिविल लाइंस गौरव विश्नोई ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, चालक की तलाश की जा रही है।