कादरचौक (बदायूं)। कादरचौक ब्लॉक क्षेत्र के प्रधान एक अनजान व्यक्ति से परेशान हैं। वह कॉल करके उन्हें दरोगा बनकर हड़काता है। कहता है कि अपना भला चाहते हो तो उसके खाते में 25 हजार रुपये डाल दो, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। अब तक वह कई गांव के प्रधानों और पूर्व प्रधानों से रुपये मांग चुका है। सभी ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम लोहाठेर के प्रधान अंसार रजा ने बताया कि उसके पास मंगलवार को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को दरोगा बताया। उसे हड़काया कि तेरे खिलाफ थाने में शिकायत आई है। इस पर वह एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर रहा है। अपना भला चाहता है तो उसके खाता नंबर पर तुरंत 25 हजार रुपये डाल दे। अन्यथा वह उसके खिलाफ कार्रवाई कर देगा। प्रधान ने उससे नाम भी पूछा तो उसने अपना नाम अशोक बताया। बोला कि वह कादरचौक थाने में तैनात है।
प्रधान ने हलका सिपाही को सूचना दी। सिपाही ने भी उस नंबर पर कॉल करके उसकी तैनाती आदि के बारे में पूछा तो उसने कॉल काट दी। उससे बात ही नहीं की। इसके अलावा वह व्यक्ति सकरी कासिमपुर के प्रधान कुंवरपाल, गौरामई के पूर्व प्रधान उवैश, रेवा के प्रधान वीरेंद्र और जमालपुर के प्रधान सूरजपाल आदि से कॉल करके रुपये मांग चुका है और धमकी भी दे चुका है। सभी लोगों ने थाना पुलिस ने कार्रवाई की मांग की है।
एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। इसमें जल्द ही कार्रवाई होगी।