ब्लूमिंगडेल स्कूल परिसर में वार्षिक पत्रिका डेल-दि वैली ऑफ एकेडमिक एक्सिलेंस का विमोचन हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष फातिमा रजा रहीं। पत्रिका स्कूल के बच्चों एवं शिक्षकों आदि के सद् विचारों, शिक्षाप्रद कहानियों, हंसगुल्ले, चित्रों आदि का मिश्रित संग्रह है। इसमें बाल प्रतिभा को किसी न किसी रूप में अवश्य ही उकेरा गया है। इतना ही नहीं इस अवसर पर वर्ष भर कक्षा में प्रतिदिन उपस्थित रहने वाले शिवांश चौधरी, कृष्णा चौधरी, मोहम्मद रहवर, कुलदीप साहू, वृशमन्यू सिंह, गुलसमन नईम, मल्लिका यादव, अंशिका गुप्ता, मनन रस्तोगी तथा प्रिया पांडे आदि छात्र-छात्राओं को सौ प्रतिशत उपस्थिति के लिए ट्राफी एवं प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया । साथ ही बदायूं महोत्सव कार्यक्रम में विभिन्न क्रियाकलापों जैसे मेंहदी, रंगोली, चित्रकला आदि स्पर्धाओं में प्रतिभाग करने वाले ऐश्वर्या सक्सेना, मान्या गुप्ता, आयशा नाजिम, शिवांगी राना, अक्षिता आंग्रीष, कशिश सक्सेना, नंदिनी जैमिनी, रिया महाजन एवं स्पर्श कुमार आदि छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने इस मौके पर छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए इसी तरह उन्नति के पथ पर बढ़ते रहने का शुभाशीष दिया। कहा कि स्कूल ही वह स्थान है जहां देश के भावी कर्णधारों और हमारे देश का भविष्य कहलाए जाने वाले छात्र-छात्राओं का सर्वागीण विकास होता है। इससे पूर्व स्कूल अध्यक्षा पम्मी मेंहदीरता ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न व स्कूल पत्रिका भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर निदेशक ज्योति मेंहदीरता, अनीता धमीजा, ईशान मेहंदीरता, प्रिंसिपल वंदना सक्सेना आदि भी मौजूद रहे।