वाहनों की चेकिंग करते पीटीओ। स्रोत-एआरटीओ
बदायूं। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को सख्त वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चार ईको कार, एक टैक्सी और ट्रक समेत 10 वाहनों को सीज कर दिया। एक ट्रक बाहर को निकली हुई सरिया लादकर ला रहा था। उस पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एक सेमी ट्रेलर पर एक लाख रुपये का जुर्माना गया है। उसका पंजीकरण निलंबित कराने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
सोमवार को एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीष कुमार और पीटीओ रमेश प्रजापति ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान राजस्थान के धौलपुर का एक सेमीट्रेलर बदायूं से गुजर रहा था। वह लोकल निर्मित था। उस पर कंपनी का नाम पता तक नहीं लिखा था, जिससे उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और उसका पंजीकरण निलंबित कराने के लिए नोटिस भी जारी किया गया है। पीटीओ ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक ट्रक पकड़ा गया, जिसमें सरिया लदी हुई और वह बाहर को निकली थी। उससे किसी के साथ भी हादसा हो सकता था। इससे ट्रक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एक बुलेट मोटर साइकिल भी पकड़ी गई। उसका साइलेंसर बदला हुआ था। उसका चालान कर दिया गया है। कर बकाया होने पर एक टैक्सी को सीज किया गया है।
सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान यात्रियों को ले जाने पर चार ईको कार, एक टैक्सी और ट्रक समेत 10 वाहनों को सीज कर दिया गया है।