बदायूं। बार एसोसिएशन के महासचिव संदीप मिश्र को मोबाइल फोन पर परिवार समेत बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पीड़ित ने जिला जज को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की मांग की है। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
महासचिव संदीप कुमार मिश्रा परिवार सहित मोहन कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को सुबह उनके मोबाइल नंबर पर कॉल आई जिसे वह उठा नहीं सके। बताया कि 11 बजे के आसपास दोबारा फिर कॉल आई तो उन्होंने फोन उठाया। फोन पर बात करने वाला व्यक्ति गालियां देने लगा।
गालियों का विरोध करने पर धमकी दी कि तुझे व तेरे परिवार को बम से मकान सहित उड़ा देंगे। ऐसा कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी के साथ कहा कि तेरे बच्चे स्कूल जाते है उनको भी रास्ते से उठवा लिया जाएगा।
महासचिव के अनुसार, जब उन्होंने इस नंबर को ट्रूकॉलर पर डालकर चेक किया तो वह नंबर पाकिस्तान का होना दर्शा रहा था। उनका कहना है कि विदेश से फोन आना और जान से मारने की धमकी देना किसी आतंकवादी संगठन से जुड़ा भी हो सकता है। उन्होंने थाना पुलिस को इस मामले की लिखित शिकायत करते हुए न्यायालय में शिकायती पत्र देकर परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
इस मामले में सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। नंबर की डिटेल निकलवाई जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।