- बांकेलाल हत्याकांड का मामला, अभी फरार है मुख्य आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/कुंवरगांव। मुकद्दम उर्फ बांकेलाल हत्याकांड को लेकर भाई राजपाल ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। उसका कहना है कि थाना पुलिस मुख्य आरोपी हाकिम और ग्राम प्रधान के देवर पर रहम कर रही है।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव बिहारी की गौटिया में 12 फरवरी की रात मुकद्दम उर्फ बांकेलाल की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई थी। 21 फरवरी को एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने इसका खुलासा किया था। कहना था कि बांकेलाल की हत्या भैंसामई के फाजिल, गांव दुगरैया के जाबिर और कैली की पूजा ने की थी। इन्होंने बिहारी की गौटिया के हाकिम ने दो लाख रुपये की सुपारी थी। वर्ष 1998 में हाकिम के भाई गुलफाम की हत्या हो हुई थी। वह मान रहा था कि गुलफाम की हत्या बांकेलाल ने कराई थी। इधर बांकेलाल ने फाजिल को एक भैंस चोरी के मामले में जेल भिजवाया था, जिससे दोनों रंजिश मान रहे थे। इसमें पुलिस ने कई और लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी लेकिन अन्य लोगों को जेल नहीं भेजा गया।
इसको लेकर बांकेलाल के भाई राजपाल शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों से मिले और उन्होंने बताया कि अभी तक हाकिम को गिरफ्तार नहीं किया है जबकि वही मुख्य आरोपी है। उसी ने ही बांकेलाल की हत्या कराई है। इसमें पुलिस ने एक माननीय के कहने पर ग्राम प्रधान के देवर को छोड़ दिया जबकि वो भी इस हत्याकांड में शामिल था। उसने पुलिस अधिकारियों से दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।