बदायूं। उघैती इलाके में शुक्रवार सुबह एक किसान पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। उसको गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने जैसे-तैसे उसे बचाया। परिवार वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
ग्राम भवानीपुर सराय निवासी रामऔतार (55) पुत्र गुलफाम सिंह शुक्रवार सुबह दस बजे अपने खेत पर जा रहे थे। उसी समय रास्ते में एक व्यक्ति पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। रामऔतार उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने उस व्यक्ति को तो बचा लिया लेकिन सुअर ने उल्टे उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान वह व्यक्ति मौके से भाग गया। इससे सुअर ने उनको गंभीर रूप से घायल कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर गांव के दर्जनों लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह सुअर को भगाया और रामऔतार को छुड़ाया। तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।