बदायूं के बिल्सी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में हुई कहासुनी की रंजिश में बाइक सवार दो हमलावरों ने उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव पथरघटा निवासी धर्मेंद्र वर्मा को गोली मार दी। गोली धर्मेंद्र की बांह में लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच पाते, उससे पहले ही दोनों हमलावर बाइक लेकर भाग गए। घायल के भाई ने दोनों हमलावरों को नामजद कराया है।
घटना शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे की है। धर्मेंद्र वर्मा (27) पुत्र नत्थूलाल मूंगफली की फसल देखने के लिए खेत पर गया। बताते हैं कि उसी दौरान बाइक सवार दो युवक खेत के पास आए। उनमें एक के पास तमंचा था। धर्मेंद्र ने दोनों को पहचान लिया। इसके बाद धर्मेंद्र को निशाना बनाकर फायर झोंक दिया गया। गोली बांह के पास लगने से लहूलुहान धर्मेंद्र खेत की मेड़ पर गिर पड़ा। आवाज सुनकर आसपास के खेतों से लोग दौड़े भी, लेकिन तब तक हमलावर मौके पर से भाग निकले।
ये भी पढ़ें- कृष्ण भक्त शहनाज की कहानी: पूजा करने पर शौहर ने दिया तलाक, पवन ने थामा हाथ; हिंदू रीति-रिवाज से लिए फेरे
सूचना के बाद घायल धर्मेंद्र के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी हमलावरों की खोजबीन की। परिजन धर्मेंद्र को लेकर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद धर्मेंद्र को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायल के भाई सत्येंद्र ने बताया कि बिल्सी के नर्सिंग होम में काम करते समय धर्मेंद्र का आशुतोष और विवेक से झगड़ा हो गया था।
झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। इसी रंजिश में दोनों ने यहां आकर हमलाकर दिया। पुलिस ने सत्येंद्र की तहरीर पर दोनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।