उझानी/कछला। प्रधानमंत्री आवास योजना में दलालों के हस्तक्षेप का मामला शुक्रवार को कछला पुलिस चौकी पर पहुंच गया। योजना के लाभार्थी धनकिशोर के खाते में तीसरी किस्त के 50 हजार रुपये अवमुक्त हुए तो दलाल उससे पांच हजार रुपये मांगने पहुंच गया। मना कर देने पर आरोपी ने मारपीट की।
कछला के वार्ड नंबर एक निवासी धनकिशोर के खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो किस्तें अवमुक्त हो चुकी हैं। पिछले दिनों तीसरी किस्त के रूप में 50 हजार रुपये उसके बैंक खाते में अवमुक्त हुए। आरोप है कि धनकिशोर रुपये निकालने के लिए बैंक गया तो चौराहे के पास उसे दलाल मिल गया। दलाल के जरिये ही आवेदन किया गया था। दलाल ने कमीशन बताकर रुपये मांगे तो धनकिशोर यह कहकर इन्कार कर दिया कि वह 20 हजार रुपये पहले ही सर्वेयर को दे चुका है।
इस पर दलाल ने धनकिशोर की पिटाई कर दी। आरोपी दलाल मौके पर से खिसक गया। धनकिशोर ने चौकी पर जाकर पुलिस कर्मियों को बताया कि आरोपी दलाल से उसे जानमाल का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। संवाद