मुजरिया चौराहे पर पकड़ी गई रोडवेज के शक्ल की डग्गामार बस। संवाद
फर्जी रोडवेज बसों को सीज किया, अन्य बसों पर डेढ़ लाख का जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीश कुमार ने बुधवार को वाहन चेकिंग के दौरान दो फर्जी रोडवेज समेत पांच बसों को पकड़ लिया। इसमें फर्जी रोडवेज बसों को सीज कर दिया गया जबकि अन्य बसों पर करीब डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना डाला गया है।
बुधवार दोपहर एआरटीओ अंबरीश कुमार वाहन चेकिंग करते हुए मुजरिया इलाके में पहुंच गए। इस दौरान कौशांबी लिखी एक बस दिल्ली से आती हुई दिखी। उस बस के शीशे पर उत्तर प्रदेश लिखा था जबकि उसमें आनंद विहार और दिल्ली का एक बोर्ड लगा था। उसमें कई सवारियां बैठी हुईं थी।
बस को रोककर यात्रियों से जानकारी दी गई तो उन्होंने बताया कि बस के चालक-परिचालक ने उन्हें रोडवेज बस बताकर बैठाया था और उसी के अनुसार किराया वसूला गया। बस के परिचालक पर बाकायदा टिकट काटने की मशीन थी। एआरटीओ ने उसे तुरंत सीज कर दिया। इसके अलावा दिल्ली बदायूं रोड पर एक और फर्जी रोडवेज बस पकड़ी गई। उसमें भी यात्रियों को रोडवेज बताकर बैठाया गया था। एआरटीओ ने उसे भी सीज कर दिया। इसके अलावा अलग-अलग मार्गों से तीन और बसें पकड़ी गईं।