बिनावर। जगत की करतौली के मजरा हसन नगर में मंगलवार रात बुटला दौलतपुर से जाहरवीर बाबा की जोत बजाने आए कलाकार कैलाश (50) की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन शव लेकर घर चले गए।
थाना क्षेत्र के गांव हसन नगर निवासी मैंकू लाल के घर पर जाहरवीर बाबा की जोत का आयोजन किया गया था। इस आयोजन को संपन्न कराने के लिए उझानी क्षेत्र के गांव बुटला दौलतपुर निवासी कैलाश अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचे थे। कार्यक्रम शुरू हुआ तो कैलाश किसी काम से बाहर की ओर आ गए। कार्यक्रम स्थल तक बिजली आपूर्ति पहुंचाने के लिए डाली गई केबिल पर उनका पैर पड़ गया। इसी बीच करंट लगने से उनकी मौत हो गई। कार्यक्रम बंद करने के बाद परिजनों को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव लेकर घर चले गए। उन्होंने किसी प्रकार की कार्रवाई से मना कर दिया।