बिसौली। बिल्सी रोड स्थित एक स्कूल में बच्चों के साथ अध्यापक द्वारा स्टील के स्केल से पिटाई का मामला सामने आया है। नाराज अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर विरोध जताया। शिकायत पर तहसीलदार व नायब तहसीलदार के साथ पुलिस फ़ोर्स ने विद्यालय पहुंचकर मामला शांत कराया।
शुक्रवार को बच्चों के अभिभावक स्कूल पहुंच गए। अपनी मांगों को लेकर प्रधानाचार्य से बात की। अभिभावकों ने एसडीएम बिसौली कल्पना जायसवाल को ज्ञापन दिया। आरोप है कि स्कूल में उनके बच्चों के साथ पढ़ाई में कोताही बरती जा रही है। स्कूल में स्टाफ की कमी है। इस कारण दूसरे क्लास के अध्यापक बच्चों के साथ अच्छा बर्ताव नहीं कर रहे हैं। उक्त मामले का संज्ञान लेते हुए तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला एवं नायब तहसीलदार गिरजा शंकर यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। समिति बनाकर जांच करने के निर्देश दिए। तक कहीं जाकर अभिभावकों का गुस्सा शांत हुआ। तहसीलदार ने बताया कि 23 अप्रैल को अभिभावकों की एक बैठक स्कूल में रखी गई है। इसमें सभी की समस्याएं सुनी जाएंगी। संवाद