बदायूं। जिले में तीन और कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हड़कंप की स्थिति बन गई है। रविवार को मां-बेटे समेत तीनों संक्रमितों को बरेली भेज दिया गया है। इधर पूरा कोतवाली इलाका सील कर दिया गया है। किसी को आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इससे शहर में कर्फ्यू जैसे हालात हो गए हैं। यहां तक कि होमगार्डों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वह लॉकडाउन का सख्ती से पालन करें।
पुलिस कर्मियों से कहा गया है कि वह किसी हाल में लोगों को घर से बाहर न निकलने दें। जिले में पांच लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद भी यह सिलसिला थमता दिखाई नहीं दे रहा है। शनिवार देर रात आई रिपोर्ट के बाद तीन और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें दस साल का एक बालक व उसकी मां भी शामिल है। इस बच्चे के माता पिता पिछले दिनों अपनी एक रिश्तेदारी में कासगंज गए थे, जहां उनका रिश्तेदार संक्रमित निकला था। उसकी हिस्ट्री खंगाले जाने के बाद इस परिवार का पता चला था, जिसके बाद उनके सैंपल लिए गए थे। इसके अलावा हरियाणा से होकर आगरा से आ रहे कादरचौक में पकड़े गए एक नेपाली की भी रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या आठ हो गई है। शनिवार रात को ही इन्हें बरेली भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई थी।
रविवार दोपहर में उन्हे बरेली भेज दिया गया। इधर जिले में आठ संक्रमित मिलने के बाद हड़कंप की स्थिति है। इससे पहले शहर के ही जालंधरी सराय इलाके में एक संक्रमित मिलने के बाद आसपास के इलाके को सील कर दिया गया था। इसके बाद लालपुल से लेकर रोडवेज को भी सील कर दिया गया। अब इस परिवार के दो सदस्यों के संक्रमित मिलने से पूरे कोतवाली इलाके को सील कर दिया गया है। इससे इलाके में कर्फ्यू जैसा माहौल हो गया है। पुलिस बेहद सख्ती बरत रही है। पुलिस कर्मियों को सख्त आदेश दिए गए हैं कि किसी को भी घर से बाहर न निकलनें दें। सीएमएस डॉ. सुकुमार अग्रवाल ने बताया कि शनिवार देर रात आई रिपोर्ट में मां-बेटे समेत तीन लोग पॉजिटिव आए हैं। रविवार को तीनों संक्रमितों को बरेली भेज दिया गया है।