वजीरगंज (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर आरके अकादमी के सामने टप्पेबाजों ने कार के बोनट पर कोई केमिकल डाल दिया। इससे कार में धुआं भर गया। दिक्कत होने पर चालक ने कार रोकी, तभी उचक्के कार सवार स्कूल प्रबंधिका का बैग लेकर भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
बिसौली कस्बे के मोहल्ला बुधबाजार निवासी और राम निवास इंटर कॉलेज की प्रबंधिका नीलिमा पत्नी अरुण कुमार सोमवार दोपहर कार से बरेली से लौट रहीं थीं। कार उनका ड्राइवर चला रहा था। वह कार में पीछे की सीट पर बैठीं थीं। नीलिमा के अनुसार- जब कार मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर वजीरगंज कस्बे से गुजर रही थी, तभी दो उचक्कों ने कार के बोनट की जाली पर कोई केमिकल डाल दिया। इससे कार के अंदर धुआं भर गया। आंखों में जलन होने लगी। चालक ने आरके अकादमी के पास कार रोकी और बोनट खोलकर इंजन देखने लगा।
इसी बीच नीलिमा को उल्टी होने लगी। उनके कार से उतरते ही उचक्के पिछली सीट पर रखा उनका बैग लेकर भाग गए। उन्होंने शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने उचक्कों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। नीलिमा ने बताया कि उनके बैग में 50 हजार रुपये, सोने की चेन, सोने की दो अंगूठी और जरूरी कागजात थे। पुलिस उचक्कों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है।