कुंवरगांव। रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी 27 वर्षीय आयशा का निकाह करीब 10 वर्ष पूर्व मुरादाबाद जिले के गांव भोजपुर में हुआ था। उनके चार बच्चे हैं। इसी बीच आयशा का प्रेम प्रसंग कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव यूसुफनगर निवासी एक इमाम से हो गया। आयशा ने अपने पहले पति और बच्चों को छोड़कर इसी वर्ष चार मई को इमाम से निकाह कर लिया। निकाह के शुरुआती दिनों में सब ठीक रहा, लेकिन कुछ ही समय बाद इमाम और उसके परिवार ने आयशा पर दहेज लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद से आयशा अपने मायके मानपुर में रह रही है। शनिवार को आयशा की मां ने कुंवरगांव थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।