उझानी (बदायूं)। आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि सात दशक में जो कोई नहीं कर पाया, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर दिखाया है। कांग्रेस में कुर्सी का मोह है, तो भाजपा ने राष्ट्रभक्ति की अलख जगाई है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया। कहा कि अयोध्या में राम मंदिर तो बनने लगा है। अब काशी और मथुरा की बारी है, पर देख लेना न कहीं गोली चलेगी और न ही बमबारी होगी।
बिट्टा बृहस्पतिवार दोपहर क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने आतंकवाद से जंग में खुद की भूमिका पर कहा कि उन पर 14 बार हमले हुए। उनका पूरा शरीर छलनी कर दिया गया। एक पैर भी गंवाना पड़ गया। इसके बाद भी उन्हें जिंदगी मिली। जिंदगी इसलिए मिली कि उनका सपना राष्ट्र से आतंकियों का सफाया और राममंदिर बनते देखना था।
बिट्टा ने प्रधानमंत्री की खुलकर तारीफ की। कहा कि आतंकवाद और कश्मीर में अनुच्छेद 370 कैंसर का रूप ले चुका था। इनका सफाया वही कर सकता है, तो राष्ट्रभक्ति को सबसे ऊपर मानता हो। बोले- रामसेतु के मसले पर तत्कालीन केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम कहा था कि रामसेतु कहीं नहीं है। तब मैंने संकल्प लिया था कि रामसेतु साबित नहीं हुआ तो वह खुद को मिटा लेंगे। पीएम मोदी के रहते एक बार फिर से जीवनदान मिला है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को भी हिंदुत्व का पुरोधा करार दिया।
उझानी से घर जैसा रिश्ता : राजवीर सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र व एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि उझानी से उनका और उनके पिता का घर जैसा रिश्ता रहा है, जो कभी टूट नहीं सकता। बाबूजी जब भी उझानी पहुंचे, हर बार उन्हें पूरा सम्मान मिला। क्रिकेट टूर्नामेंट भी बाबू जी को समर्पित रहा। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा व इलाके के लोगों की तारीफ की। वह अपने संबोधन के दौरान भावुक भी हुए। कहा कि बाबूजी का हर सपना पूरा होगा।
क्रिकेट से रोशन करेंगे बाबूजी का नाम : वर्मा
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। कहा कि क्रिकेट टूर्नामेंट के जरिये उझानी का नाम देश भर में पहुंच गया है। बाबूजी कल्याण सिंह के नाम से और अच्छे टूर्नामेंट कराने के लिए वह बीसीसीआई के पदाधिकारियों से बात करेंगे। इससे प्रतिभाओं को चमकने का मौका मिलेगा।
सांसद, विधायकों के साथ ये भी रहे मौजूद
बदायूं की सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्रनाथ वाल्मीकि, पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा, विधायकों में महेशचंद्र गुप्ता, राजीव कुमार सिंह, हरीश शाक्य, विपिन कुमार डेविड, डीसी वर्मा, जवाहर लाल राजपूत, देवेंद्र सिंह लोधी, हरीप्रकाश वर्मा, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, नगर अध्यक्ष अखिल अग्रवाल, सुभाषचंद्र गुप्ता, बदायूं पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल, सचिन अग्रवाल, गिरीशपाल सिंह, योगेश प्रताप सिंह, अजय तोमर, अमित पाठक मौजूद रहे। संचालन सुधाकर वर्मा ने किया।
लेट हो गए खेल मंत्री
समारोह में प्रदेश के खेलमंत्री गिरीशचंद्र यादव विशिष्ट अतिथि थे। लेकिन उनके दो परिजनों की बुधवार शाम तबीयत खराब होने के बाद उन्हें लखनऊ से चलने में देर हो गई। वह कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सीधे केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा के निवास पर पहुंचे।