बदायूं। लोकसभा चुनाव को लेकर परिवहन विभाग लगातार वाहनों का अधिग्रहण करने में लगा है। अब तक दो हजार वाहनों का अधिग्रहण किया जा चुका है। इसके लिए इस्लामिया इंटर कॉलेज, पुलिस लाइन और मंडी समिति में पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इस चुनाव में समय पर वाहन उपलब्ध न कराने वालों पर एफआईआर दर्ज होगी।
परिवहन विभाग की ओर से लोकसभा चुनाव को लेकर करीब चार हजार से ज्यादा वाहन मालिकों के लिए नोटिस भेजे गए हैं। हालांकि इस चुनाव में करीब दो हजार से ज्यादा वाहन प्रयोग होंगे। मतदान के दौरान वाहनों की कमी न रहे, जिससे दोगुने वाहन मालिकों को नोटिस भेजे गए। अब विभाग की ओर से वाहनों का अधिग्रहण शुरू कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब तक दो हजार वाहनों का अधिग्रहण भी हो चुका है। छोटे वाहनों के लिए इस्लामिया इंटर कॉलेज और पुलिस लाइन में पार्किंग स्थल बनाया गया है जबकि बड़े वाहनों के लिए मंडी समिति और उसके सामने पड़ी खाली जगह प्रयोग में लाई जा रही है। एआरटीओ अंबरीश कुमार ने बताया कि बुधवार तक वाहनों की सूची जारी कर दी जाएगी। इस चुनाव में जो भी मालिक अपने वाहनों को उपलब्ध नहीं कराएंगे, उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।