बदायूं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आसफपुर पर तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर की शिकायत का सीएमओ ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश एसीएमओ को दिए हैं। एसीएमओ से एक सप्ताह में जांच कर आख्या देने को कहा गया है। इसके बाद विभाग के कर्मचारियों में अफरातफरी का माहौल है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र आसफपुर पर तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर केशव उपाध्याय ने बृहस्पतिवार को सीएमओ को शिकायती पत्र भेजा था। पत्र में कहा गया था कि उसके एक साथी सीएचओ द्वारा कुछ दिन पहले झूठी शिकायत कर दी गई थी। इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाकर सीएमओ ने जांच कराई थी। जांच टीम ने उसे पिछले दिनों 6 मार्च को बुलाया था।
जांच टीम में शामिल एक चिकित्साधिकारी ने उससे कई सवाल किए, जिनका उसने पूरा जवाब दिया था। डॉक्टर ने जांच से दोषमुक्त करने के लिए पचास हजार रुपये की मांग की। रुपये न देने पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। मामले का संज्ञान लेते हुए सीएमओ डॉ. अब्दुल सलाम ने एसीएमओ डॉ. तहसीन को जांच कर एक सप्ताह में जांच आख्या देने को कहा है। उन्होंने बताया कि जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।