उझानी (बदायूं)। पिछले महीना स्पीड ब्रेकर पर बाइक फिसलने से घायल कादरचौक क्षेत्र के निवासी अजब सिंह की रविवार तड़के दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार वालों ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
हादसा 26 जून को सुबह हुआ था। मृतक अजब सिंह उर्फ पप्पू (25) कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव ललुआनगला का निवासी था। मृतक के परिजन के मुताबिक के पप्पू उस दिन कछला गया था। लौटते में अज्ञात वाहन से बचने की कोशिश में स्पीड ब्रेकर पर उसकी बाइक फिसल गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिवार के लोगों ने उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया था। पप्पू हेलमेट नहीं लगाए था। उसके सिर में चोट आई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसके अलावा शनिवार देर रात बदायूं रोड पर गंगोरा मोड़ के पास बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की भिड़ंत हो गई। कार सवार गद्दीटोला मोहल्ला निवासी शानू (18) पुत्र इलियास और चालक मुश्ताक (30) घायल हो गए। वहीं आंबेडकर चौराहे पर हुए एक अन्य हादसे में अज्ञात कार ने बाइक सवार मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कौल्हाई निवासी सुल्तान (25) पुत्र फूल मोहम्मद को रौंद दिया। सुल्तान हेलमेट नहीं लगाए था। उसका सिर लहूलुहान हो गया। इसके अलावा बरेली-मथुरा हाईवे पर रविवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में बिल्सी क्षेत्र के गांव हरगनपुर निवासी सुनीत (22) और उसका छोटा भाई संदीप (10) दूसरी बाइक सवार मोहल्ला गंजशहीदा निवासी नूर इस्लाम (50) घायल हो गया।