बदायूं के बिसौली थाने से शनिवार को छेड़छाड़ का आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। मामले की जानकारी होने पर पुलिस के हाथपांव फूल गए। दिन भर पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी रहीं। देर शाम वजीरगंज इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया गया, तब पुलिस ने राहत की सांस ली।
बिसौली पुलिस के मुताबिक आरोपी आशीष वजीरगंज का रहने वाला है। शुक्रवार को वजीरगंज निवासी इंटरमीडिएट की छात्रा बिसौली में पढ़ने आई थी। आशीष भी उसका पीछा करते हुए बिसौली पहुंच गया और उससे छेड़छाड़ की। छात्रा ने बिसौली थाने में आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने शाम को आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया था। उसे थाने लाकर हवालात में बंद कर दिया।
हवालात में बंद आरोपी रात भर ड्रामा करता रहा। वह सलाखों पर अपना सिर मारता रहा, इससे पुलिसकर्मी भी परेशान हो गए और सुबह उसे हवालात से निकालकर कार्यालय में बैठा दिया। सुबह सात बजे वह लघुशंका जाने के बहाने थाने से भाग गया। जब पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो होश उड़ गए। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगाई गई। दिनभर टीमें उसकी तलाश जुटी रहीं। शाम को पुलिस ने आशीष को वजीरगंज से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रविवार को उसे कोर्ट में पेश करेगी।
आरोपी पर दर्ज है वाहन चोरी के कई मामले
बताया जाता है कि आशीष रस्तोगी बहुत शातिर किस्म का है। उसके खिलाफ कई वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं और वह इन मामलों में भी जेल जा चुका है।
शनिवार सुबह छेड़छाड़ का आरोपी बिसौली थाने से निकलकर चला गया था। उसे शाम को गिरफ्तार कर लिया गया। भागने के आरोप में उस पर एक और एफआईआर दर्ज की जा रही है। बाकी मामले की जांच की जाएगी कि इसमें किसकी लापरवाही रही।
-पवन कुमार, सीओ बिसौली