उघैती। ग्रामीण ने एक युवक पर नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने छेड़खानी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात उनके परिवार में सुंदरकांड का पाठ हुआ था। वह परिवार के साथ सुंदरकांड पाठ में गए थे। उनकी बेटी (16) घर पर अकेली थी। वह रात करीब 10 बजे घर से आयोजन में आ रही थी, तभी गांव का रामगोपाल ने उसे रास्ते में घेर लिया। मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे घेर में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जब बेटी सुंदरकांड पाठ में नहीं पहुंची तो वह उसे देखने के लिए घर जा रहे थे। उन्हें रास्ते में ही बेटी की एक चप्पल दिखाई दी। वह टॉर्च की रोशनी से देखते हुए घेर के अंदर पहुंचे। जहां आरोपी रामगोपाल उन्हें देखकर भाग खड़ा हुआ। बेटी ने उन्हें आपबीती बताई। उन्होंने देर रात ही पुलिस को तहरीर दी। उघैती इंस्पेक्टर कमलेश मिश्रा ने बताया कि छेड़खानी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।