बिसौली (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव बसई में रविवार सुबह बिजली गिरने से चार भैंस और एक पड्डे की मौत हो गई। सूचना पर डॉक्टर तीन घंटे देरी से पहुंचे। तब कहीं उनका पोस्टमार्टम कराया जा सका।
रविवार सुबह ग्राम बसई निवासी हिमंचल, रामबल्लभ और कमलेश पत्नी मुनेंद्र के पशु मकान के नजदीक पेड़ के नीचे बंधे थे। सुबह करीब पौने 11 बजे बरसात हो रही थी। सभी लोग अपने-अपने घरों में बैठे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ कड़कड़ाते हुए बिजली गिरी। उस वक्त लोग बाहर नहीं निकले लेकिन कुछ देर बाद जैसे ही बरसात हल्की हुई कि ग्रामीणों ने बाहर निकलकर देखा तो पेड़ के नीचे चार भैंस और एक पड्डा मरा पड़ा था जबकि वहीं पर बंधी एक गाय और बछिया सुरक्षित खड़ी थी। इस हादसे में हिमंचल के दो, रामबल्लभ की एक और कमलेश की दो भैंसों की मौत हो गई। सूचना पर कई ग्रामीण आ गए। उन्होंने सूचना तुुरंत तहसीलदार को दी। मौके पर तहसीलदार तो नहीं पहुंचे लेकिन करीब तीन बजे नायब तहसीलदार पहुंचे। उन्होंने पशु मालिकों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में पहुंचे डॉक्टर ने पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू की। डॉक्टर के देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त की।