बिनावर (बदायूं)। बिनावर कस्बे के विद्युत उपकेंद्र में बृहस्पतिवार शाम पोल पर चढ़कर लाइन ठीक करने के दौरान करंट लगने से 30 वर्षीय प्राइवेट लाइनमैन बहादुरी की मौत हो गई। उसके परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लाइनमैन का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव अंबियापुर निवासी बहादुरी पुत्र नेकराम कस्बे के विद्युत उपकेंद्र पर प्राइवेट लाइनमैन के तौर पर काम कर रहा था। परिवार वालों के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ ने शटडाउन लेकर उसे विद्युत उपकेंद्र में ही तार जोड़ने के लिए पोल पर चढ़ाया था। बहादुरी ने तार ठीक कर लिया था। तभी अचानक करंट आ गया और बहादुरी पोल पर ही चिपका रह गया। यह देखकर कई लोग आ गए। तुरंत सप्लाई बंद की गई। कुछ लोगों ने सीढ़ी लगाकर बहादुरी को पोल से नीचे उतारा। उसे तुरंत बरेली भेज दिया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर परिवार वाले पहुंच गए। उन्होंने एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा कर दिया। थाना पुलिस भी आ गई। इसी दौरान एसएसओ उपकेंद्र से निकलकर भाग गया। इंस्पेक्टर अजब सिंह ने परिवार वालों को आश्वासन दिया कि उनकी तहरीर पर एफआईआर दर्ज की जाएगी, तब कहीं परिवार वाले शांत हुए। पुलिस ने बहादुरी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुुई है। उपकेंद्र पर पुलिस तैनात कर दी गई है।