सहसवान (बदायूं)। कस्बे के अकबराबाद मोहल्ले में अंडरग्राउंड केबल का करंट लगने से दो बैलों की मौत हो गई जबकि बैलगाड़ी पर सवार पिता-पुत्र ने कूदकर जान बचाई। बताया जा रहा है कि केबल कई दिन से कटी पड़ी थी लेकिन उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। बैलगाड़ी मालिक किसान ने पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
कस्बे के मोहल्ला अकबराबाद के रानीसती इलाका निवासी रामचंद्र मौर्य और उसका बेटा प्रदीप बुधवार सुबह अपनी बैलगाड़ी में रेत भरकर ला रहे थे। किसान रामचंद्र के मुताबिक उस दौरान हल्की बरसात भी हो रही थी। इससे मोहल्ले में शिव मंदिर के नजदीक सड़क पर पानी भर गया था। वहीं पर अंडरग्राउंड केबल कटी पड़ी थी। उस समय केबल में सप्लाई आ रही थी। जैसे ही बैलगाड़ी उधर से गुजरी दोनों बैल अंडरग्राउंड केबल के करंट की चपेट में आ गए। वे वहीं गिर गए। गाड़ी पर सवार रामचंद्र और उसके बेटे प्रदीप को भी जोरदार झटका लगा लेकिन वह दूसरी ओर कूद गए।
हादसे को देखकर तमाम लोग आ गए लेकिन पानी में करंट आने से किसी की आगे बढ़ने की हिम्मत न पड़ी। लोगों ने तुरंत पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सप्लाई बंद कराई। इसके बाद बैलों को वहां से हटाया गया। पुलिस ने दोनों बैलों का पोस्टमार्टम कराने को कहा है। फिलहाल रामचंद्र ने पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि यह हादसा विभाग की लापरवाही से हुआ है। अगर केबल ठीक करा दी जाती तो शायद यह हादसा नहीं होता।
ट्रांसफॉर्मर के पोल में उतरा करंट, तीन भैंसें मरीं
इस्लामनगर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव रफातपुर में ट्रांसफॉर्मर के पोल में करंट आने से तीन भैंसों की मौत हो गई। ग्रामीण नरेंद्र सिंह के मुताबिक वह अपनी भैंसों को ट्रांसफॉर्मर के नीचे बांध देता था। कभी करंट आने की शिकायत नहीं आई लेकिन बुधवार को ट्रांसफॉर्मर के पोल में करंट उतर आया। इससे उसकी तीन भैंसों की करंट लगने से मौत हो गई। संवाद
-
टूटकर गिरी हाईटेंशन लाइन, भैंस मरी
उसावां (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव नगरिया भूरी में बुधवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। उसकी चपेट में आने विनोद की एक भैंस की मौत हो गई। बताते हैं कि उसकी भैंस घर के दरवाजे पर बंधी थी। उसके ही ऊपर से हाईटेंशन लाइन जा रही थी। दोपहर के समय तार टूटकर गिर गया। इससे भैंस की मौत हो गई जबकि ग्रामीण बाल-बाल बच गए। विनोद ने विद्युत उपकेंद्र कॉल करके सप्लाई बंद कराई। संवाद