फैजगंज बेहटा। थाना क्षेत्र के ग्राम ढोरनपुर में एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। गुरुवार रात ढोरनपुर निवासी धर्मेंद्र (25) पुत्र धर्मपाल के चचेरे भाई रिंकू की शादी की दावत चल रही थी। दावत खाने के लिए कई रिश्तेदार और आस पड़ोस के लोग आए थे। परिवार वालों के मुताबिक उनके घर से कुछ दूरी पर ही रेलवे लाइन है। अक्सर धर्मेंद्र रेलवे लाइन किनारे चला जाता था। गुरुवार रात भी धर्मेंद्र खाना खाकर चला गया और रेलवे लाइन पर बैठकर मोबाइल पर बात करने लगा। घर में डीजे बोल रहा था। उसे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी। जिससे उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इसकी सूचना पर फैजगंज बेहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। वहीं युवक के परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। शुक्रवार देर शाम परिवार वालों ने उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया।