दातागंज। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव चंगासी के नजदीक मंगलवार रात किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से 26 वर्षीय दयाशंकर की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव केशवपुर निवासी दयाशंकर पुत्र भगवान दास खेतीबाड़ी करता था। वह मंगलवार को अपने दोस्त राहुल के साथ उसकी बहन के घर शाहजहांपुर जिले में बाराकलां थाना क्षेत्र के गांव तिलौऊआ गए थे। रात करीब 10 बजे वह घर लौट रहे थे। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव चंगासी के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दयाशंकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों लोग हेलमेट नहीं लगाए थे।
उधर से गुजर रहे लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी भी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
बुधवार दोपहर पुलिस ने दयाशंकर के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। परिवार वाले उसे अपने घर ले गए। देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार वालों के मुताबिक, दयाशंकर दो भाइयों में छोटा था। सात साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसके चार बच्चे हैं, जिसमें तीन बेटे और एक बेटी है। उनमें बेटी सबसे बड़ी है।