वजीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव बगरैन में मंडप पर बज रहे डीजे पर डांस करते-करते युवक नाले में जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों के सहयोग से शव का अंतिम संस्कार कराया।
रविवार को बगरैन निवासी 35 वर्षीय ऋषि पाल सिंह पुत्र आसाराम मुहल्ले में ही एक मंडप समारोह में दावत खाने गया था। दावत खाने के बाद मंडप में बज रहे डीजे पर वह डांस करने लगा। डीजे पर रिश्तेदार और गांव वाले डांस कर रहे थे। रविवार रात करीब 12 बजे डीजे पर डांस करते-करते वह असंतुलित होकर नाले में गिर गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर मौजूद लोग आनन-फानन में उसको वजीरगंज सीएचसी पर लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके परिवार के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि उसका एक भाई है वह भी अपने बच्चों के साथ दिल्ली में रहता है। गांव वालों ने उसको सूचना दी, लेकिन उसने आने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया जिसमें सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की वजह पुष्टि की गई। इस संबंध में एसएचओ धनंजय पांडेय का कहना है कि ऋषिपाल अकेला रहता था, शराब के नशे में वह डीजे पर डांस कर रहा था, जहां डांस करते-करते वह नाले में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। उसके भाई को सूचना दी गई, लेकिन उसने आने से मना कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव की अंत्येष्टि की है। संवाद