पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक का पिता
- फोटो : AMAR UJALA
बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक युवक की गंगा नदी में डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने बमुश्किल से उसके शव को गंगा नदी से बाहर निकाला। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्राम ललोमई निवासी आमिर (22) पुत्र अलाउद्दीन शनिवार शाम अपने छोटे भाई सोहेल और मोहल्ले के अन्य लड़कों के साथ कमले नगला घाट पर गंगा नहाने गया था। बताते हैं कि युवक गंगा में स्नान कर रहा था। उसी वक्त अचानक वह डूब गया और गंगा की लहरों में कहीं खो गया। उसके भाई ने तुरंत परिवार वालों को इसकी सूचना दी। जिससे परिवार के लोग दर्जनों ग्रामीणों के साथ गंगा घाट पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी। करीब डेढ़ घंटे बाद उसका पता चला। तब कहीं उसे बाहर निकाला गया। इसकी सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह दिल्ली में सिलाई का काम सीख रहा था।