बदायूं। खेत पर घास काटने गई किशोरी को गांव के ही चार युवकों ने दबोच लिया। एक युवक ने तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं अन्य युवक उसका वीडियो बनाते रहे। घर पहुंची किशोरी ने माता-पिता को घटना के बारे में बताया तो किशोरी को लेकर परिजन थाने पहुंचे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया है। आरोप है कि बृहस्पतिवार को वह खेत पर घास काटने गई थी। ईख के खेत के पास वह घास काट रही थी कि गांव के ही चार लड़के वहां पहुंच गए। एक ने हाथ पकड़ा और ईख के खेत में खींचकर ले गया।
दूसरे लड़के ने उसके मुंह में कपड़ा ठूस दिया। तीसरे लड़के ने उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। चौथे लड़के ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में किशोरी ने थाने में चार आरोपियों के खिलाफ शिकायत की। आरोपियों ने किशोरी के परिजनों को मारने की धमकी दी है। साथ ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। जब थाना पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो शुक्रवार को किशोरी परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष वेदपाल सिंह का कहना है एक गांव में मारपीट के मामले की सूचना थी जिस पर पुलिस भी गांव गई थी। किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। अगर ऐसा कोई मामला है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।