बदायूं। अदालत के आदेश पर उघैती पुलिस ने बिल्सी के तत्कालीन सीओ नासिर हुसैन, जरीफनगर इंस्पेक्टर पंकज लावनिया, उघैती इंस्पेक्टर ललित भाटी व क्षेत्र के भाजपा नेता पुरुषोत्तम टाटा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव महानगर निवासी हरी सिंह का शव दिसंबर 2018 में जरीफनगर क्षेत्र में मिला था। उसके भाई लाल सिंह का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से हरी सिंह की मौत हुई थी। मौत के बाद पुलिस वालों ने शव फेंक दिया। हत्या के मामले में कार्रवाई के लिए वह तीन-चार साल तक अधिकारियों के चक्कर लगाता रहा।
जब सुनवाई नहीं हुई तो उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने बीती 26 जुलाई को उघैती पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने के निर्देश दिए, जिस पर पुलिस ने तत्कालीन सीओ नासिर हुसैन, जरीफनगर इंस्पेक्टर पंकज लावनिया, उघैती इंस्पेक्टर ललित भाटी व क्षेत्र के भाजपा नेता पुरुषोत्तम टाटा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
होमगार्ड की हत्या के शक में पकड़ा था हरि सिंह
भाई लालसिंह ने बताया कि उघैती में 21 दिसंबर 2018 को बाइक सवार चार बदमाशों ने होमगार्ड छत्रपाल (36) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में तत्कालीन एसओ उघैती ने क्षेत्र के 32 लोगों को पकड़कर थाने में लाकर बैठा लिया। थाना पुलिस ने हरी सिंह उर्फ हरिया को 22 दिसंबर 2018 को हिरासत में ले लिया। थाने लाकर उसके साथ मारपीट की। सबसे अधिक शक उस पर था, क्योंकि उस पर करीब इस तरह के 15 से अधिक केस पंजीकृत थे। पुलिस की पिटाई से हरी सिंह की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस कर्मियाें ने उसके शव को फेंक दिया। बाद में बचने के लिए उसके खिलाफ थाने से भाग जाने व जहर खाकर आत्महत्या करने का मुकदमा दर्ज कर लिया।
भाजपा नेता पर है रिपोर्ट दर्ज न होने देने का आरोप
हरी सिंह के भाई का आरोप था कि भाजपा नेता ने थाने पर उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं होने दी। वहीं उसको पकड़वाने से लेकर पुलिस से पिटाई कराने तक में उनका हाथ रहा। यही वजह रही कि सीओ, इंस्पेक्टर के साथ भाजपा नेता का भी नाम रिपोर्ट में शामिल किया गया है। संवाद
कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है। विवेचना में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।- ब्रजेश कुमार सिंह, एसएसपी, बदायूं