उझानी। ससुराल जा रहे बाइक सवार युवक की गोवंश से टकराकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव शहजाद नगर खेड़ा निवासी लालता प्रसाद मौर्य उर्फ लकी (30) पुत्र दयाराम शनिवार की शाम करीब चार बजे अपने घर से बाइक लेकर अपनी ससुराल सोरो पत्नी को बुलाने जा रहा था। उझानी थाना क्षेत्र के गांव बुटला के पास बाइक अचानक गोवंश से टकरा गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आधार कार्ड से उसकी पहचान की और सूचना परिजनों को दी। इसके बाद पास के ही गांव तिलिया खाते के रहने वाले उसके बहनोई राजेश मौके पर आ गए और शव की शिनाख्त अपने साले लालता प्रसाद मौर्य बिल्सी के रूप में की। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद