कुंवरगांव (बदायूं)। संवेदनशील ब्लाक सालारपुर क्षेत्र में एक बार फिर बुखार ने दस्तक दे दी है। मंगलवार सुबह एक वृद्ध की बुखार से मौत हो गई।
ब्लाक क्षेत्र के ग्राम अम्बियापुर निवासी 62 वर्षीय कलट्टर सिंह को चार दिन पहले बुखार आया था। परिवार वालों के मुताबिक कलट्टर सिंह कस्बे के एक प्राइवेट डॉक्टर से दवा ले रहे थे लेकिन उन्हें कोई लाभ नहीं हुआ। मंगलवार सुबह करीब सात बजे उनकी फिर हालत बिगड़ गई। इस पर परिवार वाले उन्हें जिला अस्पताल ले जा रहे थे। तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। इससे वृद्ध के परिवार में कोहराम मच गया। यहां बता दें कि यही वही सालारपुर ब्लाक क्षेत्र है, जो स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में संवेदनशील घोषित हुआ था। मंगलवार को बुखार से मौत होने से इलाके में फिर से बुखार की दहशत छा गई है।