बदायूं। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षक-कर्मचारी सरकार से आरपार की लड़ाई को पूरी तरह से तैयार हैं। इसको लेकर 21 जनवरी को होने वाले धरना-प्रदर्शन की सफलता के लिए राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने पूरी रणनीति तय कर ली है। उन्होंने कई विभागों में पहुंचकर कर्मचारियों-शिक्षकों से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया। परिषद के कार्यालय पर हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के 14 वर्ष पुराने बड़े और गम्भीर मुद्दे पर सरकार से अपनी बात दमदारी से मनमाने को हम सब कर्मचारियों और शिक्षकों को एकजुट होकर इस आन्दोलन को सफल बनाना है। वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन के प्रथम चरण में 21 जनवरी को शिक्षक- कर्मचारी मालवीय आवास गृह पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। 28 जनवरी को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। छह फरवरी से प्रदेश स्तरीय महाहड़ताल की जाएगी। पुरानी पेंशन बहाली मंच के संयोजक व राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष एके मिश्रा के नेतृत्व में मंत्री सरोज यादव, संरक्षक प्रेम प्रकाश पाण्डेय, आरएन यादव, प्रियंका खन्ना ने लोक निर्माण विभाग, डीआईओएस, बीएसए कार्यालय, सिंचाई विभाग, विकास भवन, सीएमओ, समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग आदि कार्यालय का भ्रमण कर कर्मचारियों से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया। इस मौके पर माध्यमिक शिक्षणोत्तर संघ के अध्यक्ष संजय राठौर, परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव यादव आदि थे।