सांसद निधि से मिले पैसे से डूडा को लगानी थीं एलईडी लाइटें
जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से शहर में लगाई जाने वाली छह सौ एलईडी लाइटें फिलहाल विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते नहीं लग पाएंगी।
शहर में सांसद धर्मेंद्र यादव की निधि से छह सौ एलईडी लाइट लगाए जाने हैं। इसके लिए सांसद निधि से 75 लाख रुपये डूडा को दी जा चुकी है। साथ ही वार्ड मेंबरों की ओर से चयनित स्थानों पर इन एलईडी लाइटों को लगाया जाना है। इसके लिए वार्ड मेंबर गौरव यादव के नेतृत्व में तमाम वार्ड मेंबर डीएम से मिले थे और एलईडी लाइट लगवाने की मांग की थी। साथ ही परियोजना अधिकारी डूडा पर इस कार्य में जान-बूझकर देरी करने की शिकायत की, लेकिन परियोजना अधिकारी ने चुनाव आचार संहिता की बात कहते हुए इसे बाद में लगवाने का आश्वासन दिया है। इससे यह एलईडी लाइट अब चुनाव के बाद में लग पाएंगी।
------
सांसद निधि से लगने वाली एलईडी लाइट को अब चुनाव निपटने के बाद ही लगाया जाएगा।
-वीबी सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा