बदायूं। दिवाली और भैया दूज को देखते हुए सवारियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज विभाग ने कमर कस ली है। दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसों के फेरों को बढ़ाया जाएगा। इससे सवारियों को अपने घरों तक आने जाने के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। रोडवेज प्रशासन के मुताबिक इस बार बसों के फेरों की संख्या दिल्ली रोड पर बढ़ा दी जाएगी। एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि दीपावली और भैया दूज पर दिल्ली के लिए 100 बसें निरंतर चलाई जाएंगी। भैया दूज पर लोकल रूट पर बसों का संचालन भी यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जाएगा। बदायूं से अलीगढ़, आगरा और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को निगम की बसों में बेहतर सुविधा मिले इसके लिए विभाग ने अभी से कमर कस ली है। दीपावली पर रोडवेज विभाग की ओर से बस चालकों और परिचालक सहित अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है। यह अधिसूचना रोडवेज विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से जारी कर दी गयी है। दीपावली पर ड्यूटी करने वाले चालक, परिचालक और कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। एआरएम राजेश कुमार के मुताबिक दीवाली वाले दिन कर्मचारियों की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।