सहसवान (बदायूं)।
हाईवे पर ट्रकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में चालक की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक के परिवा वालों ने मुकदमा दर्ज कराया है। हादसा बुधवार को सुबह करीब साढ़े पांच बजे बदायूं- मेरठ हाईवे पर गांव सिलहरी के पास हुआ। बरेली के थाना भमोरा के गांव भीकमपुर का रहने वाला बादाम सिंह पुत्र जयपाल ट्रक चालक है। मंगलवार रात वह अलीगढ़ से अपने 18 टायरा ट्रक में सीमेंट लादकर बरेली जाने को निकला था। इस बीच सिलहरी ईंट भट्ठे के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक बादाम सिंह के ट्रक में जा घुसा। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में बादाम सिंह और ट्रक में बैठा उसका साला धर्मेन्द्र पुत्र नेतराम निवासी कुपरी थाना अलापुर और दूसरे ट्रक में सवार दो लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। दुर्घटना की जानकारी पर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सक ने घायल चालक बादाम सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि दुर्घटना में घायल तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक बादाम सिंह के साले अवधेश ने दूसरे ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।