बदायूं। शासन के निर्देश पर जिले के परिषदीय विद्यालयों में तैनात अध्यापकों के समायोजन की प्रक्रिया चल रही है। अभी ऐसे विद्यालयों को देखा जा रहा है जहां पर छात्र संख्या मानक के हिसाब से अध्यापकों की तैनाती अधिक है। अब तक विभिन्न विद्यालयों में 50 अध्यापक विभाग ने चिह्नित किए हैं। इन्हें दूसरे विद्यालयों में तैनात किया जाएगा। जगत ब्लॉक की सूचना आना शेष रह गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग में जिले के अंदर अध्यापकों के ट्रांसफर/ समायोजन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत 10 जुलाई तक अध्यापकों की तरफ से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आपत्ति प्रस्तुत करनी होगी। समिति के माध्यम से आपत्ति का निस्तारण किया जाएगा। आवश्यकता से अधिक अध्यापक वाले विद्यालयों में चिह्नित अध्यापकों से 11 जुलाई को ऑनलाइन विकल्प लिया जाएगा। उन्हें अधिकतम 25 विद्यालयों के नामों की सूची मिलेगी। इसमें वह अपने लिए एक विद्यालय चयनित कर सकेंगे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी प्राप्त हुए ऑनलाइन आवेदन 13 जुलाई को जिला पोर्टल पर अपलोड करेंगे। 15 जुलाई को एनआईसी लखनऊ की ओर से बनाए गए एप के माध्यम से समायोजन वाले अध्यापकों की सूची दिखाई देगी। 19 जुलाई को अध्यापकाें को कार्य मुक्त व कार्यभार ग्रहण का काम कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार ही काम किया जाएगा।
30-35 नौनिहालों पर एक शिक्षक का है मानक
प्राथमिक विद्यालय में 30 नौनिहालों पर एक शिक्षक की तैनाती की जाएगी। इसी प्रकार उच्च प्राथमिक विद्यालय में 35 नौनिहाल पर एक शिक्षक की तैनाती होगी। अगर इस मानक से विद्यालय में शिक्षक अधिक हैं तो लग हटाएं जाएंगे। साथ ही अगर कम हैं तो नए की तैनाती की जाएगी।