- जिले में लंबे समय से सक्रिय है सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह
- जरीफनगर, सहसवान और संभल जिले के रहने वाले ठग बना रहे हैं लोगों को निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र में सक्रिय गिरोह लोगों को सस्ती जमीन दिलाने के नाम पर ठगी कर रहे हैं। अब तक तमाम लोग इस गिरोह के झांसे में आकर अपनी जमा पूंजी गंवा चुके हैं। भूमाफिया गिरोह ने इस बार एक व्यक्ति को नोएडा में सस्ते दामों में जमीन दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये की ठगी की है। पीड़ित ने ठगी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद जरेठा निवासी नासिर सिद्दीकी पुत्र कैसर अली के पास बीते दिनों सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरपुर खैराती निवासी बहारे आलम, सुल्तान पुत्र जहीरूद्दीन, सलीमुद्दीन पुत्र अमीरुद्दीन निवासी गांव खैरपुर खैराती, इब्ने हसन, भूरे पुत्र नसीमुल निवासी गांव कोल्हार, रामनाथ पुत्र मंगल सिंह निवासी चंदौसी जिला संभल पहुंचे। उन्होंने नासिर से कहा कि नोएडा में बहारे आलम और उसके भाई सुल्तान का खेत है। वहां पर करोड़ों रुपये की कीमत चल रही है और वह उस जमीन को सस्ते दाम में बेच देंगे।
सस्ती जमीन के झांसे में आकर नासिर ने अपनी पुश्तैनी जमीन बेच दी। नासिर से उन लोगों ने एडवांस के तौर पर पहले 15 लाख रुपये लिए, इसके बाद 12 लाख फिर 23 लाख इस तरह से 50 लाख रुपये ले लिए। 50 लाख रुपये पहुंचने के बाद नासिर ने उन लोगों से बैनामा कराने को कहा तो वह टाल मटोल करने लगे। एक दो दिन में बैनामा कराए जाने का भरोसा देते रहे। नासिर ने जब बैनामा कराने को कई बार कहा तो उन्होंने उसको धमकी देनी शुरू कर दीं। आरोपियों ने कहा कि दूसरों की जमीन को दिखाकर पैसा हड़पना उनका काम है उन्होंने कहा कि अगर किसी को उनके बारे में बताया तो वह जान से मार देंगे।
नासिर का कहना है कि जब उसने इस गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि बरेली जिले में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के तमाम मामले चल रहे हैं। पीड़ित ने थक हारकर पुलिस को तहरीर दी तो पुलिस ने ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।