फोटो--50, 51
हादसे में युवक की मौत, बाइक सवार से मारपीट, एंबुलेंस रोकी
बाइक की टक्कर से गई थी जान, पुलिस ने बमुश्किल स्थिति नियंत्रित की
अमर उजाला
इस्लामनगर (बदायूं)। चंदौसी-इस्लामनगर रोड पर शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। गुस्साई भीड़ ने टक्कर मारने वाले बाइक सवार को पकड़ कर पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे ले जाने आई एंबुलेंस को घेर लिया और जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया और घायल को जिला अस्पताल भेजा।करीब 40 वर्षीय मुजाहिद उर्फ नंदू पुत्र हनीफ इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम चंदौसी निवासी था। शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे वह नमाज पढ़कर घर लौट रहा था। उसी समय सड़क पार करते समय अचानक तेज गति में आई बाइक ने मुजाहिद को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही गांव के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बाइक सवार को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई लगा दी। बाइक सवार भी जमीन पर गिर कर घायल हुआ था। भीड़ की पिटाई से उसकी हालत और गंभीर हो गई। वह जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ा था। इधर, मौके पर पहुंचे परिवार वाले मुजाहिद को उठाकर गांव के एक डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। इससे गुस्साए गांव वाले फिर से मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उस वक्त पुलिस भी आ गई। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायल बाइक सवार को जिला अस्पताल भेजने का प्रयास किया परंतु भीड़ ने एंबुलेंस को ही आगे से घेर लिया। उस पर दो-एक पत्थर भी मारे। साथ ही मौके पर जाम लगा दिया। पुलिस ने बमुश्किल एंबुलेंस को भीड़ से निकाला और उसे जिला अस्पताल भेज दिया। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संबंध में पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मुजाहिद के दो बेटे और चार बेटियां हैं।