बदायूं। बिल्सी रोड पर घायल हालत में मिले बिल्सी क्षेत्र के एक युवक की बुधवार रात संदिग्ध हालात में जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिवार ने पुलिस के हादसे के तर्क पर संदेह जताया तो पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें यह साफ हुआ की युवक की मौत सिर में चोट लगने के कारण हुई। बिल्सी के गांव वन बेहटा निवासी राजेंद्र सिंह का पुत्र अमित (22) गांव में ही रहकर खेतीबाड़ी करता था। बुधवार शाम वह घर से बाइक लेकर बदायूं की ओर जाने की बात कहकर निकला था। कुरऊ के पास उसे लहूलुहान हालत में पड़ा देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। मोबाइल से उसकी शिनाख्त हुई तो पुलिस ने परिवार वालों को बुला लिया। पंचनामा भरने वाले सिविल लाइंस थाने के एसआई मनोज कुमार का मानना था कि या तो अमित की बाइक फिसल गई है या फिर कोई वाहन उसे टक्कर मार गया। हालांकि परिवार के कुछ लोग इस बात को मानने से इंकार कर रहे थे। अमित के चाचा विनोद का कहना था कि गांव के ही लोगों ने अमित के खिलाफ एससी एक्ट, हमले जैसी धाराओं में रिपोर्ट कराई थी। उन्हें लगता है कि यह घटना भी रंजिश से जुड़ी है। इस पर पुलिस ने पोस्टमार्टम करा दिया। देर रात तक इस मामले में रिपोर्ट नहीं लिखी गई थी।
कोई नहीं बचा, चाचा के नाम आएगी संपत्ति
अमित के पिता राजेंद्र सिंह की काफी पहले मौत हो चुकी थी। उसकी मां भी नहीं है। वह अपने माता-पिता की अकेली संतान था। उसकी मौत के बाद उसके घर और करीब दस बीघा जमीन का कोई वारिस नहीं बचा है। ऐसे में यह चाचा और चचेरे भाइयों के नाम आना तय है।