बदायूं। न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को हुआ। जिला जज पंकज कुमार अग्रवाल ने विधिवत उद्घाटन किया। इसमें 38, 115 वादों का निस्तारण किया गया। चार करोड़ 22 लाख 69 हजार रुपये पीड़ितों को बतौर क्षतिपूर्ति के दिलाए गए।
कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश मित्रपाल सिंह के न्यायालय में आपसी समझौते के आधार पर 102 पारिवारिक विवादों का निस्तारण किया गया। इस मौके पर तीन जोड़ों को आपस में मिलवाया।
पीठासीन अधिकारी मचला अग्रवाल ने मोटर दुर्घटना प्रतिकर की 73 याचिकाओं का निस्तारण कराया। प्री-लिटिगेशन से संबंधित वादों में विभिन्न बैंकों के 1123 मामले, भारत संचार निगम लिमिटेड के 325 मामले, स्थानीय निकायों के 1083 मामले एवं अन्य प्रकार के 30600 मामले थे। ्रजिला जज पंकज कुमार अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को राष्ट्रीय लोक कल्याणकारी दिवस के रूप में आयोजित किया जाना चाहिए। इसी मौके पर दिव्यांगजनों को पांच ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव कुमारी ने बताया कि आम-जन, न्यायालय में लंबित विवादों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से करवा सकते हैं। इस मौके पर नोडल अधिकारी सौरभ सक्सेना, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र पाल सिंह व सचिव संदीप मिश्रा एवं न्यायिक कर्मचारी आदि मौजूद रहे।