कलक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक करते जनप्रतिनिधि। संवाद
- सांसद धर्मेंद्र कश्यप बोले, काम में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर करें कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ऐसे में जिले में 38 नए विद्युत उपकेंद्र बनेंगे और 55 की क्षमता बढ़ाई जाएगी।
कलक्ट्रेट में आयोजित जिला विद्युत समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए आंवला लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने जर्जर तारों को बदलने को कहा, ताकि कहीं कोई अप्रिय घटना न होने पाए। बोले- काम में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
सांसद ने कहा कि आमजन व किसानों को निष्पक्षता, पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ दिया जाए। विधायक दातागंज राजीव कुमार सिंह ने कहा कि सभी ग्रामों व मजरों में विद्युतीकरण का कार्य होना चाहिए। विधायक बिसौली आशुतोष मौर्य ने कहा कि जो भी कार्य किए जा रहे हैं, उसकी विधानसभावार सूची बनाकर जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाएं। जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि के तौर पर जितेंद्र यादव ने ट्यूबवेल के लंबित आवेदनों का निस्तारण प्राथमिकता पर करने के लिए कहा।
डीएम मनोज कुमार ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी जनप्रतिनिधियों के फोन अवश्य उठाएं। वहीं अधीक्षण अभियंता विद्युत दीपक कुमार ने बताया कि रिवैंप योजना पर कार्य चल रहा है। इसके तहत काम कराया जाएगा। बैठक में पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, सुधीर श्रीवास्तव, नवनीत शाक्य आदि उपस्थित रहे।