ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय की स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार को डीआईओएस/बीएसए राम मूरत ने शहर के दो और देहात क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। वह सबसे पहले शहर के गुलड़िया स्थित मंजू मैमोरियल इंटर कॉलेज पहुंचे, यहां उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति चेक की तो 15 के सापेक्ष दो शिक्षक अवकाश पर पाए गए। उन्होंने परिसर मे लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो दुरुस्त पाए गए। उन्होने कॉलेज प्रधानाचार्य को मान्यता प्राप्त विवरण को मुख्य गेट पर लिखवाने का आदेश जारी किया। यहां से वह शहर के ही बरसुनिया कस्बा स्थित ऋषिदेव सिंह कन्या इंटर कॉलेज पहुंचे। कक्षाओं में शिक्षणकार्य होते हुए मिले, लेकिन बच्चों की उपस्थिति कम होने पर प्रधानाचार्य को कड़ी फटकार लगाई। इसके उपरांत वह दातागंज के डहरकलां स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। सभी शिक्षक और अनुदेशक कार्यरत पाए थे, लेकिन एक अध्यापिका अवकाश पर मिली। उन्होंने मिड डे मील की जानकारी प्राप्त की तो बच्चों ने बताया कि आज सब्जी रोटी मिली। उन्होने प्रधानाध्यापक को विद्यालय परिसर में साफ-सफाई दुरुस्त रखने और बच्चों की शत-प्रतिशित उपस्थिति के तहत गांव में ग्रामीणों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए।