बदायूं। जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की ओर से प्रदेश में दलित उत्पीड़न के विरोध में मंगलवार को कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी दिया। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ओमकार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चुनाव के बाद कहा था कि दलितों के अधिकारों की पूरी सुरक्षा की जाएगी, लेकिन सहारनपुर में दलितों का उत्पीड़न कर उन्हें ही जेल भेजा गया। कांग्रेस कमेटी के सदस्य मुन्नालाल सागर और पार्टी विभाग के जिलाध्यक्ष सुशील व्यास ने कहा कि प्रदेश सरकार को दलितों का उत्पीड़न और अत्याचार जैसी घटनाओं पर रोक लगानी चाहिए। इस दौरान शफी अहमद खान, नरेंद्र कुमार, मोहम्मद नबी, लाल मियां चौधरी, अहमद नबी, रामचंद्र मौर्य, हरीश कश्यप, नसीम मियां, नरेश मौर्य, सतेंद्र गौतम आदि मौजूद रहे।