बदायूं। जिले में करंट लगने से लगातार कई लोगों की मौत हो चुकी है। एक सप्ताह के अंदर करीब आधा दर्जन लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें इस्लामनगर इलाके में दो, दातागंज में दो लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कुंवरगांव और उसावां इलाके में भी सोमवार को करंट लगने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जिससे उनके परिवार में कोहराम मच गया। इधर, बिसौली में नाली में करंट आने से एक बैल की मौत हो गई।
कुंवरगांव। नगर के वार्ड नंबर सात में सोमवार सुबह पांच बजे विद्यावती (50) पत्नी सियाराम अपने घर में फर्राटा पंखा चलाने की कोशिश कर रहीं थीं। बताते हैं कि उसी समय किसी तरह पंखे में करंट उतर आया, जिससे वह करंट लगने से अचेत होकर गिर गईं। परिवार वालों ने जैसे-तैसे उन्हें पंखे से अलग किया। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उसावां। थाना क्षेत्र के ग्राम बुधुआ नगला निवासी अमित (22) पुत्र रामनिवास रविवार रात अपने खेतों में छिड़काव करने के लिए स्प्रे मशीन चार्ज कर रहा था। परिवार वालों के मुताबिक जैसे ही उसने मशीन का प्लग बोर्ड में लगाया कि वह करंट की चपेट में आ गया। युवक करंट लगने से वहीं गिर गया। परिवार वाले उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। पुलिस ने सोमवार दोपहर अमित के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिंदारा निवासी संतोष के घर में रविवार को शादी समारोह था। वह अपनी बैलगाड़ी से टेंट का सामान बिसौली पहुंचाकर घर लौट आ रहा था। गांव पहुंचकर रास्ते में खड़ी वैन को बचाने के चक्कर में एक बैल का पैर नाली में चला गया। जिसमें पोल से आ रहे करंट से बैल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देखकर दर्जनों ग्रामीण जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों विद्युत विभाग को दोषी बताया। इसकी सूचना पर इंस्पेक्टर पंकज लवानिया पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया और बैल का पोस्टमार्टम कराने की बात कही है। वहीं किसान के परिवार ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।