बदायूं। सोमवार सुबह शहर के एमरी मैथोडिस्ट चर्च में एक शोकसभा आयोजित की गई, जिसमें श्रीलंका में हुए बम ब्लास्ट में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। चर्च के पादरी फ्रांसेस डेविड ने इसे कायरतापूर्ण हमला बताया। उन्होंने कहा कि ईस्टर ईसाइयों का बहुत बड़ा पर्व होता है। इस अवसर पर सैकड़ों लोग चर्च में प्रार्थना करने आए थे लेकिन इंसानियत के दुश्मनों ने हमला कर कई लोगों की जान ले ली। कई लोगों को घायल कर दिया। पादरी की अगुवाई में दर्जनों लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर ब्लास्ट में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रदीप भारद्वाज, सूरज प्रकाश, महेंद्र मार्क, बबलू लाल, संजू मसीह, शानूलाल, रॉकी मसीह, कमल दास, सोहराव मैसी, सुशील मैसी, रानू, तरुण, कुनाल आदि मौजूद रहे। ब्यूरो