बदायूं। पीएमश्री योजना के तहत द्वितीय चरण में जिले के 17 परिषदीय और एक माध्यमिक स्कूल का चयन किया गया। आने वाले दिनों में इसकी तस्वीर बदल जाएगी। अभी तक पीएम श्री योजना के पहले चरण में 16 विद्यालयों की हालत में सुधार हुआ है।
भारत सरकार ने सरकारी स्कूलों की बिल्डिंग और पढ़ाई से संबंधित चीजों को बेहतर करने के उद्देश्य से पीएमश्री योजना को शुरू किया है। दूसरे चरण में शहर के राजकीय इंटर कॉलेज को पीएम श्री योजना के तहत चयनित किया गया है।
इसके अलावा उसहैत के प्राथमिक विद्यालय प्राचीन, दातागंज प्राथमिक विद्यालय नौनी टिकना, समरेर के प्राथमिक विद्यालय फिरोजपुर, वजीरगंज के प्राथमिक विद्यालय बनिया, सहसवान केबाल किशनपुर, कादरचौक के प्राथमिक विद्यालय तातरपुर, दहगवां के प्राथमिक विद्यालय समसपुर भूड, आसफपुर के प्राथमिक विद्यालय सिरका, जगत के कंपोजिट विद्यालय कथरा खगेई, सालारपुर के प्राथमिक विद्यालय बिनावर, उसावां के कंपोजिट विद्यालय मसूदपुर, बिसौली के प्राथमिक विद्यालय पड़ौलिया, उझानी के कंपोजिट विद्यालय शेखूपुर समेत 17 परिषदीय विद्यालयों का चयन किया गया। चयनित विद्यालयों से ई-मेल पर 15 तरह की सूचना मांगी गई है। सभी सूचनाएं 15 अप्रैल तक भेजी जानी हैं।